

रायपुर : राजधानी रायपुर में एक ही दिन दो अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मुजगहन थाना क्षेत्र में एक महिला का शव खुले प्लॉट में मिला, जबकि कोतवाली क्षेत्र में सन एन्ड सन कार्यालय के बाहर एक युवक की खून से लथपथ लाश बरामद हुई। दोनों मामलों की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है।
खुले प्लॉट में मिला महिला का शव
जानकारी के अनुसार मुजगहन थाना क्षेत्र के डुंडा स्थित स्वागत विहार कॉलोनी के एक खाली प्लॉट में महिला का शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घरों में काम करती थी मृतका
पुलिस जांच में मृतका की पहचान 35 वर्षीय सुभद्रा साहू के रूप में हुई है। वह बोरियाकला की रहने वाली थीं और घरों में काम करके परिवार का पालन-पोषण करती थीं। बुधवार को भी वह काम पर निकली थीं, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उनका शव झाड़ियों के पास खुले प्लॉट में मिला।
हत्या की आशंका, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि महिला की कहीं और हत्या करने के बाद शव को पहचान छिपाने के उद्देश्य से सुनसान स्थान पर फेंका गया हो सकता है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। बताया जा रहा है कि महिला की मौत घटना से कुछ घंटे पहले ही हुई थी। मृतका अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गई हैं और घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
सन एन्ड सन कार्यालय के बाहर मिला युवक का शव
इसी दिन कोतवाली थाना क्षेत्र में सन एन्ड सन कार्यालय के बाहर एक युवक का शव मिलने से भी हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान नेहरू नगर निवासी प्रकाश के रूप में हुई है। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
खाने के दौरान विवाद के बाद हत्या की आशंका
पुलिस के अनुसार घटनास्थल के पास खाने-पीने का सामान मिला है। शुरुआती जांच में आशंका है कि रात के समय किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा, जिसके बाद सीमेंट की ईंट से हमला कर युवक की हत्या कर दी गई।
सीसीटीवी कैमरे बंद होने से जांच में चुनौती
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर पता चला कि वे खराब थे। इससे आरोपियों की पहचान करने में पुलिस को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।











