

मध्य प्रदेश : एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। पिछले करीब एक सप्ताह से राजधानी भोपाल समेत कई इलाकों में बारिश का दौर थमा हुआ था, लेकिन अब लगातार दो दिनों से कई जिलों में अच्छी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने बुधवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट, हो सकती है बेहद भारी बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल के अनुसार, गुना, शिवपुरी, सागर और डिंडौरी जिलों में अति भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 115.6 मिमी से लेकर 204.4 मिमी तक वर्षा हो सकती है। इसके अलावा गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
प्रदेश के अन्य सभी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां हल्की से मध्यम बारिश के साथ मौसम खराब रहने का अनुमान है।
बीते 24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में सीधी जिले के सिहावल में सबसे अधिक 118.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा रायसेन जिले के गैरतगंज में 118 मिमी, मऊगंज में 109 मिमी, राजगढ़ में 103 मिमी और सागर जिले के देवरी में 96.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
वहीं खुरई में 78 मिमी, बंडा में 74 मिमी, देवरी-रायसेन में 72.1 मिमी, गुना जिले के चाचौड़ा और कुंभराज में 70-70 मिमी, रायसेन में 66.6 मिमी तथा विदिशा के गंज बासौदा में 65.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने लोगों को दी सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि आंधी और गरज-चमक के समय खुले मैदानों या खेतों में काम करने से बचें। पेड़ों, बिजली के खंभों, हाईटेंशन तारों और निर्माणाधीन भवनों से दूर रहें। यदि गरज-चमक के दौरान बाहर निकलना जरूरी हो तो किसी पेड़ या बिजली के खंभे के नीचे खड़े होने से बचें और सुरक्षित स्थान पर शरण लें।











