

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी CJP के संसद मार्च के बाद दिल्ली में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सोमवार को हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने जंतर मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों को हटा दिया था। मंगलवार को एक बार फिर प्रदर्शनकारी वहां पहुंचने लगे, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें मौके से हटाया।पुलिस ने जंतर मंतर पर लागू धारा 163 का हवाला देते हुए प्रदर्शनकारियों को वहां जमा होने से रोका। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।
नड्डा से मुलाकात को CJP ने बताया बेनतीजा, वार्ता के लिए रखी नई मांग
CJP के प्रवक्ताओं ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के साथ हुई बैठक को लेकर नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि दो बार मुलाकात और मांगों का ज्ञापन सौंपने के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस जवाब नहीं मिला।प्रवक्ता रांका ने कहा कि बैठक का कोई परिणाम नहीं निकला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्रदर्शनकारियों के समय और मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है।उन्होंने कहा कि अब अगली बातचीत तभी होगी, जब सरकार के प्रतिनिधि खुद प्रदर्शन स्थल पर आकर बात करेंगे। उनका कहना है कि अगर सरकार उनके समय का सम्मान नहीं करेगी तो वे भी सरकार के समय को महत्व नहीं देंगे।
जेपी नड्डा अस्पताल पहुंचे, घायल प्रदर्शनकारियों का जाना हाल
प्रदर्शन के दौरान घायल हुए लोगों से मिलने के लिए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा मंगलवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हाल जाना और अस्पताल प्रशासन को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।नड्डा ने डॉक्टरों के साथ बैठक कर घायलों के इलाज और चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा की। इसके अलावा उन्होंने लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज का दौरा कर वहां भर्ती घायल प्रदर्शनकारियों की स्थिति की भी जानकारी ली।
राहुल गांधी ने घायलों से की मुलाकात, पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। उनके साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल भी मौजूद रहे।राहुल गांधी ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने युवाओं के साथ हुई कार्रवाई की आलोचना करते हुए मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।
प्रदर्शन, पुलिस कार्रवाई और सियासी बयानबाजी से गरमाया माहौल
CJP के आंदोलन के बाद दिल्ली में सियासी माहौल लगातार गर्म बना हुआ है। एक तरफ प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं, वहीं सरकार और प्रशासन कानून व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश में जुटे हैं। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक टकराव और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।










