

नारायणपुर: जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मसंदीप कुमार पटेल (आईपीएस) ने सोमवार को थाना ओरछा तथा आसपास के संवेदनशील सुरक्षा कैंपों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना व्यवस्था, ई-मालखाना 2.0 की कार्यप्रणाली, सुरक्षा संसाधनों, मानसून तैयारियों और कैंपों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने सबसे पहले थाना ओरछा का निरीक्षण कर थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, शस्त्रागार, मालखाना, बैरक, सीसीटीएनएस व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने विशेष रूप से ई-मालखाना 2.0 के तहत जब्त संपत्तियों के डिजिटल रिकॉर्ड, बारकोड आधारित प्रबंधन और रिकॉर्ड संधारण की समीक्षा की तथा सभी अभिलेखों को अद्यतन और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही थाना स्टाफ को आम नागरिकों से बेहतर संवाद स्थापित करने, शिकायतों का त्वरित निराकरण करने और क्षेत्र में नियमित गश्त के माध्यम से प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
थाना निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक ने एड़जूम, इद वाया, आदेर, कुड़मेल, जाटलूर, धोबे, डोडीमरका और पदमेटा स्थित सुरक्षा कैंपों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बैरक निर्माण कार्यों की प्रगति, जनरेटर की उपलब्धता, बोरवेल की स्थिति, राशन एवं डीजल के पर्याप्त भंडारण और मानसून के दौरान आवश्यक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बारिश के मौसम में किसी भी प्रकार की परिचालन संबंधी बाधा न आए और सभी संसाधन समय पर उपलब्ध रहें।निरीक्षण के दौरान एसपी ने सुरक्षा कैंपों में संचार एवं सुरक्षा उपकरणों की भी जांच की। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के साथ-साथ मानसून अवधि के लिए अग्रिम तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए, ताकि सुरक्षा बलों का संचालन निर्बाध रूप से जारी रह सके।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने वर्षा ऋतु में आवागमन बनाए रखने के लिए सुरक्षा बल के जवानों और स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से लकड़ी एवं बांस से बनाई गई अस्थायी पुलियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सीमित संसाधनों में तैयार इन पुलियों की सराहना करते हुए इसे पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास का उदाहरण बताया। साथ ही निर्देश दिए कि मानसून के दौरान इन पुलियों का नियमित निरीक्षण और आवश्यक मरम्मत कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के अंत में एसपी संदीप कुमार पटेल ने सुरक्षा कैंपों में तैनात अधिकारियों एवं जवानों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विषम परिस्थितियों में भी पूरी सतर्कता, अनुशासन और समन्वय के साथ दायित्व निभाने की अपील करते हुए कहा कि नारायणपुर जिले में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी सुरक्षा कैंपों को हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह संसाधनयुक्त और तैयार रखा जा रहा है।











