

बलरामपुर: जिले में बैंकिंग सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा शासन की विभिन्न वित्तीय एवं स्वरोजगार योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से विकासखंड स्तरीय बैंकर्स समिति की त्रैमासिक बैठक का आयोजन जिले के सभी छह विकासखंडों में किया जाएगा। बैठक में बैंकों एवं संबंधित विभागों द्वारा योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
अग्रणी जिला प्रबंधक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बलरामपुर द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 20 जुलाई 2026, सोमवार को अपराह्न 4 बजे जनपद पंचायत बलरामपुर, 22 जुलाई 2026, बुधवार को अपराह्न 3:30 बजे जनपद पंचायत शंकरगढ़, 23 जुलाई 2026, गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे जनपद पंचायत कुसमी, 24 जुलाई 2026, शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे जनपद पंचायत राजपुर, 28 जुलाई 2026, मंगलवार को अपराह्न 3:30 बजे जनपद पंचायत वाड्रफनगर तथा 29 जुलाई 2026, बुधवार को अपराह्न 3:30 बजे जनपद पंचायत रामचंद्रपुर में बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठकों में जमा, अग्रिम एवं सीडी रेशियो, किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि, पशुपालन एवं मत्स्यपालन ऋण की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना, स्वयं सहायता समूह, महिला उद्यमिता, पीएम स्वनिधि, पीएम सूर्यघर योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के ऋण प्रकरणों की प्रगति , वित्तीय साक्षरता अभियान, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, आधार सीडिंग एवं ई-केवाईसी, डीएलएएफ तथा अन्य नवाचार गतिविधियों की भी समीक्षा की जाएगी।अग्रणी जिला प्रबंधक ने सभी संबंधित विभागों एवं बैंक शाखा प्रबंधकों से निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित होने का आग्रह किया है।











