

लखनपुर/ प्रिंस सोनी: सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम माजा में जमीन कब्जे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। गांव के एक परिवार ने ग्राम सरपंच पर उनकी क्रय की गई भूमि पर जबरन कब्जा कर खेती करने और विरोध करने पर धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने प्रशासन और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार अंधला निवासी रामचंद्र सिंह पिता रामजीत सिंह (लगभग 60 वर्ष) एवं उनके परिवार का आरोप है कि उन्होंने वर्ष 1989-90 में ग्राम माजा में पांच एकड़ से अधिक भूमि क्रय की थी। पीड़ित पक्ष का कहना है कि ग्राम माजा के सरपंच खेमराज सिंह अपने भाइयों और सहयोगियों के साथ मिलकर उनकी खरीदी गई जमीन पर कब्जा कर खेती कर रहे हैं।रामचंद्र सिंह के पुत्र अवधेश सिंह ने बताया कि जब उन्होंने अपनी जमीन पर कब्जे का विरोध किया तो उन्हें कथित रूप से हाथ-पैर तोड़ने की धमकी दी गई। उनका आरोप है कि सरपंच अपने पद और प्रभाव का उपयोग करते हुए भूमि पर कब्जा बनाए हुए हैं, जिससे परिवार के साथ-साथ अन्य ग्रामीणों में भी भय का माहौल बना हुआ है।पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत लेकर लखनपुर थाना पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। हालांकि, पुलिस द्वारा उन्हें राजस्व प्रकृति का मामला बताते हुए तहसील न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत करने की सलाह दी गई। इसके बाद पीड़ित परिवार ने राजस्व न्यायालय और प्रशासन के समक्ष न्याय की मांग करते हुए अपनी भूमि वापस दिलाने की गुहार लगाई है।वहीं, मामले में लगाए गए आरोपों को लेकर ग्राम सरपंच खेमराज सिंह ने अपना पक्ष भी रखा है। उन्होंने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय बिगन राम द्वारा पूर्व में संबंधित भूमि खरीदी गई थी। वर्तमान में उक्त जमीन रामचंद्र सिंह के नाम दर्ज है। सरपंच के अनुसार, उनके परिवार द्वारा केवल कुछ हिस्से में खेती की गई थी और लगभग चार एकड़ भूमि पहले ही छोड़ दी गई है।
सरपंच खेमराज सिंह ने पीड़ित पक्ष को किसी प्रकार की धमकी देने के आरोपों से भी इनकार किया है। उनका कहना है कि उनका परिवार वर्ष 1998 से उक्त भूमि पर काबिज है और मामला लंबे समय से विवादित है।फिलहाल मामला राजस्व न्यायालय और प्रशासन के संज्ञान में है। अब देखना होगा कि जांच और दस्तावेजी परीक्षण के बाद इस विवाद का समाधान किस दिशा में आगे बढ़ता है।











