बलरामपुर/राजपुर। विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ विजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति, उपलब्ध आंकड़ों और लक्ष्य पूर्ति की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ दीपक गुप्ता, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम), ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक (बीपीएम) समृति एक्का, मोनू सोनी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सीएमएचओ ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों का मूल्यांकन करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने तथा आमजन को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग करते हुए स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करें।

बैठक के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य संकेतकों, विभागीय उपलब्धियों और सुधार की आवश्यकता वाले बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को क्षेत्रीय स्तर पर आने वाली चुनौतियों का समयबद्ध निराकरण करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के समापन के बाद पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सीएमएचओ, बीएमओ, डीपीएम, बीपीएम सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने परिसर में सामूहिक पौधरोपण किया। इस दौरान अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।स्वास्थ्य विभाग की इस समीक्षा बैठक को आगामी कार्ययोजना और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बेहतर क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!