

रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए शुक्रवार का दिन रेल विकास के लिहाज से खास रहने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में पुनर्विकसित 75 रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। इनमें छत्तीसगढ़ के सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं। इस योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री अनुकूल सुविधाओं से सुसज्जित करना है।
मुख्यमंत्री को मिला उद्घाटन समारोह का निमंत्रण
लोकार्पण कार्यक्रम से पहले रायपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दयानन्द ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुख्यमंत्री निवास में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से मुख्यमंत्री को उद्घाटन समारोह में शामिल होने का आमंत्रण सौंपा।
बैठक में सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों पर विकसित नई अधोसंरचना, यात्री सुविधाओं और स्टेशन के आधुनिक स्वरूप को लेकर विस्तार से चर्चा भी हुई।
रेलवे के आधुनिकीकरण को बताया दूरदर्शी पहल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित और यात्री केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी पहल है। उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ सीधे आम नागरिकों के साथ प्रदेश के विकास को भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देशभर में रेलवे अधोसंरचना का तेजी से आधुनिकीकरण हो रहा है। बेहतर सुविधाओं और विश्वस्तरीय व्यवस्थाओं से रेलवे विकसित भारत के संकल्प को नई गति दे रही है।
रेलवे बनेगा विकास का मजबूत आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे केवल यात्रा का माध्यम नहीं, बल्कि व्यापार, पर्यटन, निवेश और रोजगार का महत्वपूर्ण आधार भी है। रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा, रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा प्रदान करेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों के उन्नयन से यात्रियों को अधिक सुविधाजनक सेवाएं मिलेंगी और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक तथा सामाजिक गतिविधियां भी तेजी से बढ़ेंगी।
रेल संपर्क मजबूत होने से बढ़ेंगे निवेश और पर्यटन
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में आधुनिक रेल नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है। बेहतर रेल संपर्क से प्रदेश में निवेश, उद्योग, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी। साथ ही आम लोगों का सफर पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सुगम बनेगा।











