

बलरामपुर: बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 2.224 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 26 हजार 688 रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 12 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2 बजे मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक रघुनाथनगर के केसरी चौक के पास अपने पिट्ठू बैग में गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ा और पूछताछ की। युवक ने अपना नाम अनीश कुमार पनिका (21 वर्ष) पिता राम प्रसाद पनिका, निवासी कोयल खुर्द, थाना माड़ा, जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश) बताया। गवाहों की मौजूदगी में उसके बैग की तलाशी लेने पर खाकी रंग के ब्राउन टेप से लिपटे तीन पैकेटों में अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ।बरामद गांजा का कुल वजन 2.224 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 26,688 रुपये बताई गई है। मामले में थाना रघुनाथनगर में अपराध क्रमांक 78/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।पुलिस ने आरोपी अनीश कुमार पनिका को 13 जुलाई 2026 को विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक रघुनाथ मरावी, प्रधान आरक्षक आनंद सिंह तथा आरक्षक संजय जायसवाल और राममूरत यादव की विशेष भूमिका रही।











