

दुर्ग : भिलाई स्थित खम्हरिया के स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में छात्राओं के अचानक चीखने और बेहोश होने की घटनाओं ने स्कूल प्रबंधन, शिक्षा विभाग और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार, 10 जुलाई से अब तक करीब 10 से 11 छात्राएं इस तरह प्रभावित हो चुकी हैं। फिलहाल सभी छात्राओं की तबीयत सामान्य बताई जा रही है।
पहले तेज चीख, फिर बेहोशी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रभावित छात्राएं अचानक घबराकर जोर से चीखने लगती हैं और कुछ ही देर बाद बेहोश हो जाती हैं। सबसे पहले ऐसी घटना 10 जुलाई को सामने आई थी, जब तीन छात्राओं को उपचार के लिए शंकराचार्य अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। इसके बाद भी अलग-अलग दिनों में इसी तरह की घटनाएं दोहराई गईं।
दोपहर की पाली की छात्राएं ही हो रहीं प्रभावित
अब तक सामने आए सभी मामलों में एक समान बात यह है कि केवल दोपहर की पाली में पढ़ने वाली कक्षा 9वीं और 11वीं की छात्राएं ही प्रभावित हुई हैं। वहीं सुबह की पाली में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों के बीच ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई है। इस पहलू को भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
शिक्षा विभाग कर रहा जांच
स्कूल प्रबंधन ने पूरे मामले की जानकारी जिला शिक्षा विभाग को दे दी है। विभागीय अधिकारी घटनाक्रम की जांच में जुटे हैं और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
जांच रिपोर्ट के बाद सामने आएगी असली वजह
छात्राओं के अचानक बेहोश होने के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि मामला किसी स्वास्थ्य समस्या से जुड़ा है, मनोवैज्ञानिक कारणों का परिणाम है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।











