

बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले में शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान निरंतर जारी है। इसी कड़ी में अनुविभागीय अधिकारी अभिषेक गुप्ता के नेतृत्व में तहसील बलरामपुर अंतर्गत ग्राम पुत्सुरा में लगभग 2 एकड़ शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
उक्त भूमि का उपयोग ग्रामवासियों द्वारा वर्षों से छठ पूजा, धार्मिक अनुष्ठानों एवं अन्य सामुदायिक आयोजनों के लिए किया जाता रहा है। सार्वजनिक महत्व को देखते हुए राजस्व विभाग द्वारा ग्राम के जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में आवश्यक कार्रवाई करते हुए भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। भूमि अतिक्रमण से मुक्त होने के बाद अब यह स्थल पुनः धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए सुरक्षित हो गया है, जिस ग्रामवासियों ने संतोष व्यक्त किया है। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि गण सहित ग्रामीणजन मौजूद रहे।
जिला प्रशासन द्वारा सार्वजनिक उपयोग की शासकीय भूमि, जल स्रोतों तथा सामुदायिक परिसंपत्तियों का संरक्षण सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में ऐसे स्थलों को सुरक्षित रखने तथा आमजन के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।










