रायपुर: छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार को लेकर बड़ी उपलब्धि सामने आई है। केंद्र सरकार ने प्रदेश में पांच नए सरकारी मेडिकल कॉलेज खोलने की मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी साझा करते हुए इसे चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम बताया है।

इन पांच जिलों में खुलेंगे नए मेडिकल कॉलेज

राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग की ओर से गीदम दंतेवाड़ा, कुनकुरी जशपुर, मनेंद्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों को स्वीकृति मिली है। इन सभी कॉलेजों में 50-50 एमबीबीएस सीटों के साथ शैक्षणिक सत्र 2026-27 से पढ़ाई शुरू होने की तैयारी है। इससे प्रदेश में एमबीबीएस की कुल 250 नई सीटें बढ़ जाएंगी।

सीएम साय बोले- अंतिम छोर तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सुविधा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कभी नक्सल प्रभावित रहे दंतेवाड़ा के गीदम से लेकर उत्तर छत्तीसगढ़ के वनांचल क्षेत्र कुनकुरी तक मेडिकल कॉलेजों की स्थापना प्रदेश के विकास की नई दिशा तय करेगी।उन्होंने कहा कि नए मेडिकल कॉलेजों से युवाओं को डॉक्टर बनने के बेहतर अवसर मिलेंगे और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के हर क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और उपचार की सुविधा उपलब्ध हो।

प्रधानमंत्री मोदी और जेपी नड्डा का जताया आभार

मुख्यमंत्री ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है।

मनेंद्रगढ़ को भी मिली बड़ी सौगात

नए मेडिकल कॉलेजों की सूची में मनेंद्रगढ़ को शामिल किए जाने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। यहां बनने वाले सरकारी मेडिकल कॉलेज को नेशनल मेडिकल कमीशन से मंजूरी मिल गई है। कॉलेज में वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 50 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश शुरू होने की संभावना है।

स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल बोले- जनता से किया वादा पूरा हुआ

स्वास्थ्य मंत्री और मनेंद्रगढ़ विधायक श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि सरकार ने जनता से किया वादा पूरा किया है। एनएमसी के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड ने लेटर ऑफ परमिशन जारी कर दिया है।उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नए मेडिकल कॉलेजों से न केवल चिकित्सा शिक्षा का विस्तार होगा, बल्कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!