

बलरामपुर/ राजपुर: डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स मीट-2026 के अंतर्गत आयोजित छत्तीसगढ़ जोन के क्लस्टर स्तरीय खेल महाकुंभ में डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, पतरातु की छात्रा शिवानी तिर्की ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कक्षा 10वीं की छात्रा शिवानी तिर्की ने अंडर-17 बालिका वर्ग की 200 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया।
क्षेत्रीय अधिकारी प्रशांत कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस खेल महाकुंभ का आयोजन डीएवी पब्लिक स्कूल बिश्रामपुर (एसईसीएल), डीएवी पब्लिक स्कूल भटगांव (एसईसीएल) तथा डीएवी पब्लिक स्कूल चिरमिरी (एसईसीएल) में किया गया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ जोन के 17 डीएवी विद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और खेलों के प्रति अपने जुनून, अनुशासन, संकल्प, धैर्य और ऊर्जा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही शिवानी तिर्की ने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है, जहां वह अपने प्रदर्शन से प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
शिवानी की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में उत्साह और खुशी का माहौल है। शिवानी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा विशेष रूप से शिक्षिका सुश्री रूचि सोनी को दिया, जिनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से वह इस मुकाम तक पहुंच सकीं।
विद्यालय के प्राचार्य आशुतोष झा ने शिवानी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जीवन चुनौतियों से भरा सफर है और लक्ष्य के प्रति ईमानदारी, मेहनत तथा निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी हैं।










