

रायगढ़: शहर में असामाजिक तत्वों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने बड़पारा शराब भट्ठी के पास राहगीर से शराब पीने के लिए पैसे मांगकर मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर गैर जमानतीय धाराओं के तहत जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, बड़पारा शराब भट्ठी क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से राहगीरों के साथ विवाद और मारपीट की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए कोतवाली थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ाई गई और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी तेज की गई।मामला 10 जुलाई 2026 का है। बेलादुला खर्राघाट निवासी बासुदेव मांझी (39) ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई कि वह काम खत्म करने के बाद बड़पारा शराब भट्ठी के पास गुटखा लेने गया था। इसी दौरान विवेक सराफ ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर विवेक सराफ ने अपने साथी अनमोल पाण्डेय और शिवा सोनवानी के साथ मिलकर गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों व लात-घूंसों से मारपीट की।शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 365/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गैर जमानतीय धाराओं 296, 351(3), 115(2), 119(1) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में विवेक सराफ (41) निवासी बाउलीकुआ, रायगढ़, अनमोल पाण्डेय (19) निवासी चिराईपानी तथा शिवा सोनवानी (23) निवासी गोढ़ीकला, जिला जशपुर हाल निवासी बोन्दाटिकरा, रायगढ़ शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने घटना को स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, सहायक उप निरीक्षक कोसो सिंह जगत और थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी, मारपीट और आम नागरिकों में भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।











