

सतना। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नशे की हालत में एक यात्री ने आरपीएफ के प्रधान आरक्षक पर हमला कर दिया। रेलवे ट्रैक पार करने से रोके जाने पर आरोपी ने जवान के हाथ से लाठी छीन ली और उसी से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद अन्य आरपीएफ कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
ट्रैक पार करते समय गिरा था यात्री
आरपीएफ के अनुसार, आरोपी की पहचान 36 वर्षीय बिहारी लाल, निवासी ग्राम बौली, जिला कौशांबी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह किसी ट्रेन से सतना रेलवे स्टेशन पर उतरा था। नशे की हालत में वह रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश कर रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने से ट्रैक पर गिर पड़ा।
आरपीएफ ने बचाया, समझाइश पर भड़का
ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक जी.एन. सिंह और अन्य जवानों ने उसे सुरक्षित ट्रैक से निकालकर प्लेटफॉर्म पर पहुंचाया। इसके बाद उसे ट्रैक पार नहीं करने की सलाह दी गई, लेकिन समझाइश से नाराज होकर आरोपी अचानक आक्रामक हो गया।
लाठी छीनकर कर दिया हमला
आरोप है कि आरोपी ने प्रधान आरक्षक के हाथ से लाठी छीन ली और उन पर कई वार किए। हालांकि, वहां मौजूद अन्य आरपीएफ जवानों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए आरोपी को काबू में कर लिया। घटना के समय उसका एक साथी भी उसके साथ मौजूद था।
आरोपी के खिलाफ शुरू हुई कानूनी कार्रवाई
आरपीएफ ने आरोपी को हिरासत में लेकर रेलवे अधिनियम और अन्य संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।










