

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू होने जा रहा है। 13 जुलाई से 17 जुलाई तक चलने वाले इस सत्र में कुल पांच बैठकें आयोजित की जाएंगी। सरकार इस दौरान सदन में आठ नए विधेयक प्रस्तुत करेगी, जिन पर चर्चा और पारित करने की प्रक्रिया चलेगी।
1033 सवालों के जरिए सरकार को घेरने की तैयारी
मानसून सत्र के लिए विधायकों ने विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 1033 सवाल लगाए हैं। इन प्रश्नों के माध्यम से सरकार से योजनाओं, विकास कार्यों और प्रशासनिक मामलों पर जवाब मांगा जाएगा। विपक्ष भी इन्हीं मुद्दों को आधार बनाकर सरकार को घेरने की रणनीति तैयार कर रहा है।
किसानों से लेकर स्थानीय मुद्दों तक होगी बहस
सत्र के दौरान किसानों की समस्याएं, नकटी सहित प्रदेश के कई अहम और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सदन में व्यापक चर्चा होने की संभावना है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच इन विषयों को लेकर तीखी बहस देखने को मिल सकती है।
हंगामेदार रहने के आसार
प्रदेश के कई ताजा राजनीतिक और प्रशासनिक मामलों को देखते हुए इस बार का मानसून सत्र काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के आक्रामक रुख और सरकार के जवाब के बीच सदन में हंगामेदार कार्यवाही होने के संकेत हैं।











