

बलरामपुर: वर्षा ऋतु के दौरान डेंगू रोग की रोकथाम एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आम नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। डेंगू एडीज मच्छर के काटने से फैलने वाला वायरल रोग है। यह मच्छर प्रायः दिन के समय काटता है तथा घरों एवं आसपास जमा साफ पानी में पनपता है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विजय कुमार सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि अपने घरों, छतों, कूलर, गमलों, टायरों, ड्रम, बाल्टी एवं अन्य पात्रों में पानी जमा न होने दें। सप्ताह में कम से कम एक दिन ड्राई डे मनाते हुए कूलर एवं पानी रखने वाले बर्तनों को खाली कर साफ करें। पानी की टंकियों को हमेशा ढककर रखें तथा आसपास स्वच्छता बनाए रखें।
डेंगू के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, शरीर एवं जोड़ों में दर्द, कमजोरी, त्वचा पर चकत्ते तथा कुछ मामलों में नाक या मसूड़ों से खून आना शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तत्काल निकटतम शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परामर्श लें। चिकित्सकीय सलाह के बिना एस्पिरिन या आइबुप्रोफेन जैसी दवाओं का सेवन न करें।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से पूरी बांह के कपड़े पहनने, मच्छरदानी का उपयोग करने तथा घर एवं आसपास मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने का आग्रह किया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा है कि जिले के सभी नागरिक सतर्क रहें और डेंगू मुक्त बलरामपुर के निर्माण में अपना सहयोग प्रदान करें।











