नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत एवं मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

सरस्वती साइकिल योजना अंतर्गत कक्षा 9वीं की छात्राओं को वितरित की गई की साइकिलें

बलरामपुर और रामानुजगंज को मिली इंडोर स्टेडियम की सौगात,खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया आयाम

बलरामपुर।जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम आदिम जाति कल्याण व कृषि विभाग के मंत्री रामविचार नेताम के मुख्य आतिथ्य में नगरपालिका रामानुजगंज में लरंगसाय कम्युनिटी हाल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर तथा निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, स्कूल बैग एवं गणवेश प्रदान किया गया। साथ ही कक्षा 9वीं में प्रवेशित छात्राओं को सरस्वती सायकल योजनान्तर्गत सायकल प्रदान किया गया। साथ ही क्षेत्र में 10वीं एवं 12वीं में टॉप करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम की शुरुआत में स्कूली बालिकाओं द्वारा मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात बालिकाओं ने बालिका शिक्षा के महत्व, समान अवसर और शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश देती हुई  नाट्य प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को बालिकाओं की शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए उन्हें विद्यालय से जोड़ने का संदेश दिया।एकलव्य आवासीय विद्यालय की बालिकाओं द्वारा छत्तीसगढ़ी पारम्परिक वेशभूषा में लोक नृत्य की प्रस्तुति दी गई।

जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदिम जाति विभाग, कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव है।

उन्होंने कहा कि हाई स्कूलों को स्मार्ट क्लास की सुविधा से सुसज्जित किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने कहा कि  क्षेत्र के विद्यालय जिले सहित प्रदेश स्तर पर भी शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेंगे।उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें मन लगाकर अध्ययन करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

मंत्री श्री नेताम ने कहा कि प्रदेश सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल में विकास की मजबूत नींव रखी गई है। क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्गों एवं संपर्क मार्गों का विस्तार और उन्नयन किया जा रहा है तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत भी तेजी से कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है, जिनमें बलरामपुर और रामानुजगंज में इंडोर गेम्स की सुविधा विकसित करने के लिए इंडोर स्टेडियम की भी स्वीकृति शामिल है। इस दौरान मंत्री श्री नेताम ने  रामानुजगंज में 500 सीटर ऑडिटोरियम के निर्माण की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने कहा कि कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल के नए भवन की स्वीकृति शीघ्र दिलाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।

उन्होंने अतिक्रमण हटाने पर जोर देते हुए आम नागरिकों से शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को स्वेच्छा से हटाने का आग्रह किया, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी अतिक्रमण भूमि को मुक्त करने के निर्देश दिए

नगरपालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि मंत्री श्री रामविचार नेताम जी के  प्रयासों से बलरामपुर एवं रामानुजगंज में इंडोर स्टेडियम की स्वीकृति प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मूल मंत्र के साथ देश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनि निकुंज, नगर पालिका उपाध्यक्ष शीला जायसवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष मुंद्रिका सिंह, उपाध्यक्ष सुनील तिवारी, जिला पंचायत सदस्य मुंशी राम सांडिल्य एवं बद्री यादव, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, एसडीएम आनंद राम नेताम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर कुमार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रणवीर साय, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!