

अंबिकापुर: सरगुजा जिले में बाइकर्स गैंग और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 158 बाइक चालकों पर कार्रवाई की है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया।
दरअसल, हाल ही में थाना कमलेश्वरपुर क्षेत्र से बाइकर्स समूह द्वारा सड़कों पर खतरनाक स्टंट करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने का वीडियो सामने आया था। वीडियो में युवक सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी करते नजर आए, जिससे स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।निर्देशों के तहत थाना कमलेश्वरपुर, दरिमा, मणिपुर, कोतवाली अंबिकापुर तथा यातायात शाखा ने संयुक्त अभियान चलाकर विभिन्न स्थानों पर वाहन जांच की। कार्रवाई के दौरान यातायात शाखा ने 50, थाना कमलेश्वरपुर ने 55, थाना दरिमा ने 40, थाना कोतवाली ने 8 तथा थाना मणिपुर ने 5 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 158 वाहनों को जब्त किया और मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान नाबालिग वाहन चालकों के परिजनों को थाने बुलाकर कड़ी समझाइश दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि समझाइश के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सरगुजा पुलिस ने कहा है कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले, सड़कों पर स्टंटबाजी करने वाले और आम नागरिकों को परेशान करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी दर्शनीय स्थल या अन्य स्थानों पर बाइकर्स समूह द्वारा सड़क जाम करने, खतरनाक स्टंट करने या साइलेंसर से तेज आवाज निकालकर लोगों को परेशान करने जैसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल सरगुजा पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9479193599 या डायल 112पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी तथा सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।











