

अंबिकापुर: सरगुजा के पर्यटन स्थल मैनपाट में बाइकर्स समूह द्वारा सड़क जाम करने, तेज रफ्तार में खतरनाक तरीके से बाइक चलाने और साइलेंसर की तेज आवाज से स्थानीय लोगों को परेशान करने के मामले में कमलेश्वरपुर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 7 जुलाई को सुबह से शाम तक बड़ी संख्या में बाइकर्स मैनपाट क्षेत्र में दो और तीन सवारी बैठाकर तेज रफ्तार से बाइक दौड़ाते रहे। इस दौरान कई बाइक चालक वाहनों को लहराते हुए चला रहे थे, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई थी और आम लोगों का सड़क पर चलना मुश्किल हो गया था।आरोप है कि बाद में बाइकर्स समूह ने अंबिकापुर घाट, कापू घाट और सीतापुर घाट मार्ग पर झुंड बनाकर अपनी बाइक सड़क पर खड़ी कर दी और तेज आवाज में एक्सीलेटर रेस देकर शोर-शराबा करने लगे। इससे यातायात प्रभावित हुआ और लोगों में भय और असुविधा का माहौल पैदा हो गया।
इस मामले में थाना कमलेश्वरपुर में अपराध क्रमांक 41/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस बाइकर्स समूह और उनके वाहनों की पहचान कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
डीआईजी एवं एसएसपी ने कमलेश्वरपुर थाना सहित जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को ऐसे बाइकर्स समूहों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, लगातार चेकिंग करने और मोटर व्हीकल एक्ट सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी पर्यटन स्थल या अन्य स्थान पर बाइकर्स समूह द्वारा सड़क जाम करने या साइलेंसर से तेज आवाज निकालकर लोगों को परेशान करने की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9479193599 या डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और तत्काल कार्रवाई की जाएगी।











