BSNL Satellite Phone Price: क्या आप सोच सकते हैं कि आज के इस डिजिटल दौर में कोई ऐसा भी फोन हो सकता है, जिसकी कीमत ₹1.34 लाख से ज्यादा हो, लेकिन उसमें न तो कोई चमचमाता हुआ डिस्प्ले हो और न ही भारी-भरकम कैमरा?

भारत की सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL ने कुछ ऐसा ही एक फोन लेकर आई है. सबसे चौंकाने वाली बात तो यह है कि BSNL के इस फोन को काम करने के लिए न किसी मोबाइल टावर या न सिम नेटवर्क की जरूरत है! इस फोन में नेटवर्क सीधे आसमान से कनेक्ट हो जाता है. BSNL ने इस फोन को खास मकसद से लॉन्च किया है. आइए जानते हैं कि आखिर इस फोन में ऐसा क्या है जो इसकी कीमत इतनी ज्यादा है और यह किसके काम आने वाला है...

BSNL का यह कोई नार्मल फोन नहीं है, जिसे हर कोई खरीद सके. टैक्स के साथ इस फोन की कीमत ₹1,34,166 तय की गई है. यह डिवाइस उन लोगों के लिए डिजाइन किया गया है जो अक्सर ऐसे इलाकों में काम करते हैं या यात्रा करते हैं, जहां मोबाइल का सामान्य नेटवर्क बिल्कुल नहीं रहता है. यह फोन मोबाइल टावर के बजाय सीधे सैटेलाइट नेटवर्क से कनेक्ट होता है, जिससे देश के सबसे दूरदराज और पिछड़े इलाकों में भी आसानी से वॉयस कॉलिंग की जा सकती है.

क्या है इस फोन में खास?

यह एक Inmarsat सैटेलाइट फोन है, जिसे बहुत ही जरूरी और इमरजेंसी कम्यूनिकेशन के लिए तैयार किया गया है. BSNL के अनुसार, इस डिवाइस का इस्तेमाल मुख्य रूप से डिफेंस, समुद्री ऑपरेशंस, आपदा प्रबंधन, माइनिंग, दूरदराज के इंडस्ट्रियल साइट्स और एडवेंचर ट्रैवल के क्षेत्रों में किया जाएगा, जहां आमतौर पर मोबाइल नेटवर्क नहीं मिल पाता है.

इस फोन में मिलते हैं ये फीचर्स-

सैटेलाइट कनेक्टिविटी के जरिए बिना मोबाइल टावर के भी वॉयस कॉल की जा सकती है.

SOS इमरजेंसी सपोर्ट भी मिलता है, जिससे किसी भी इमरजेंसी में मदद बुलाने के लिए इसमें खास SOS फीचर दिया गया है.

इसे खराब और कठिन मौसम व हालातों में काम करने के लिए मजबूत बनाया गया है.

मैदानी इलाकों में लंबे समय तक बिना चार्ज किए इस्तेमाल करने के लिए इसमें दमदार बैटरी दी गई है.

कौन और कैसे खरीद सकता है यह फोन?

यह सैटेलाइट फोन किसी आम स्मार्टफोन की तरह रिटेल स्टोर्स या ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट्स पर सेल नहीं होगा. इस सैटेलाइट फोन का इस्तेमाल कुछ खास और संवेदनशील कामों के लिए ही किया जाता है, इसलिए इसे खरीदने के इच्छुक ग्राहकों को सीधे BSNL से संपर्क करना होगा और इसे खरीदने की वजह बतानी होगी. टैक्स समेत इसकी कीमत ₹1,34,166 है. इस डिवाइस को खरीदने की पात्रता और दूसरे नियमों की जानकारी के लिए ग्राहक अपने नजदीकी BSNL ऑफिस से संपर्क कर सकते हैं.

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!