

भोपाल। राजधानी भोपाल से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए 1 अगस्त से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, भोपाल से संचालित होने वाली अधिकांश एयर इंडिया उड़ानों का संचालन अब एयर इंडिया एक्सप्रेस करेगी। इस बदलाव का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और अधिक सुविधाजनक उड़ान विकल्प उपलब्ध कराना है।
सुबह की दिल्ली उड़ान पहले की तरह एयर इंडिया ही चलाएगी
हालांकि, यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुबह संचालित होने वाली दिल्ली-भोपाल-दिल्ली सेवा पहले की तरह एयर इंडिया के संचालन में ही रहेगी। इससे नियमित यात्रियों की सुविधा प्रभावित नहीं होगी।
दिल्ली और मुंबई के लिए रोजाना छह उड़ानें
एयर इंडिया एक्सप्रेस भोपाल से दिल्ली और मुंबई के बीच प्रतिदिन कुल छह उड़ानों का संचालन करेगी। इससे यात्रियों को दिनभर अलग-अलग समय पर यात्रा करने का विकल्प मिलेगा और दोनों प्रमुख शहरों के लिए हवाई संपर्क और मजबूत होगा।
आधुनिक एयरबस विमानों से होगी यात्रा
नई व्यवस्था के तहत सभी उड़ानों में आधुनिक एयरबस विमानों का उपयोग किया जाएगा। इससे यात्रियों को अधिक आरामदायक और बेहतर यात्रा अनुभव मिलने की उम्मीद है।
दिल्ली मार्ग की उड़ानों का समय
दिल्ली से संचालित पहली उड़ान सुबह 10:40 बजे रवाना होकर दोपहर 12:05 बजे भोपाल पहुंचेगी। वापसी में यह उड़ान दोपहर 12:45 बजे भोपाल से उड़ान भरकर दोपहर 2:15 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
दूसरी उड़ान दिल्ली से दोपहर 3:05 बजे रवाना होगी और शाम 4:30 बजे भोपाल पहुंचेगी। इसके बाद यह शाम 5:10 बजे भोपाल से प्रस्थान कर शाम 6:40 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
मुंबई मार्ग की उड़ान का समय
मुंबई से आने वाली उड़ान सुबह 11:20 बजे रवाना होकर दोपहर 1:00 बजे भोपाल पहुंचेगी। वापसी में यह विमान दोपहर 1:40 बजे भोपाल से उड़ान भरकर दोपहर 3:25 बजे मुंबई पहुंचेगा।
राजाभोज एयरपोर्ट के आसपास विकसित होगा औद्योगिक क्षेत्र
इधर, राजाभोज एयरपोर्ट के आसपास औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में भी तैयारी शुरू हो गई है। जिला प्रशासन एयरपोर्ट के आसपास औद्योगिक हब विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है। इसके लिए विशेष टीम गठित कर उपयुक्त जमीन और चौड़ी सड़क व्यवस्था की संभावनाओं का सर्वे किया जा रहा है। इससे भविष्य में निवेश और रोजगार के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद है।











