

रायपुर। राजधानी के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। सेरीखेड़ी इलाके में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए, जबकि कार चालक बिना रुके वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 11:50 बजे हाउस ऑफ चखना के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज गति से आ रही हुंडई एक्सटर कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े दोनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाई अस्पताल
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों की मदद की और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दुर्घटना के बाद चालक ने रुककर मदद करने के बजाय कार लेकर मौके से भागना ही उचित समझा।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में शामिल कार हुंडई एक्सटर है, जिसका पंजीयन नंबर सीजी-13 सीरीज का बताया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि फरार चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस हादसे के समय वाहन की गति और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद फरार चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घायलों का उपचार जारी है।











