बलरामपुर:  जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की त्रैमासिक बैठक सरगुजा सांसद  चिंतामणि महाराज की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई।  बैठक में जिले में संचालित केंद्र प्रायोजित योजनाओं की प्रगति, उनके क्रियान्वयन की स्थिति एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की व्यापक समीक्षा की गई। सांसद श्री महाराज ने विभागीय अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत प्रगति प्रतिवेदनों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि विकास कार्यों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार्य नहीं की जाएगी। सांसद श्री महाराज ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए अधिकारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों को भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए, ताकि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष  हीरामुनी निकुंज, पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य  कृष्णा गुप्ता, कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक  वैभव बैंकर, वनमण्डलाधिकारी  आलोक बाजपेयी, जिला पंचायत सीईओ  नयनतारा सिंह तोमर, समिति के सदस्य एवं जनप्रतिनिधिगण सहित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

सांसद श्री महाराज ने अपने उद्बोधन में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक क्षमता के आधार पर विभिन्न श्रेणियों में चिन्हित कर विशेष प्रयास करें, ताकि उनकी सतत प्रगति सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बच्चों के सर्वांगीण विकास करने के निर्देश दिए है। सांसद श्री महाराज ने जाति एवं निवास प्रमाण पत्र समय-सीमा में जारी करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग में बड़ी संख्या में प्रकरण लंबित रहते हैं, इसलिए विशेष रूप से अविवादित प्रकरणों का त्वरित निराकरण करे जिससे आमजन को समय पर शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने नामांतरण, बंटवारा एवं अन्य लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश देते हुए कहा कि इनकी लंबित स्थिति के कारण कई पात्र हितग्राही योजनाओं से वंचित रह जाते हैं। इसलिए ऐसे मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर प्रधानमंत्री आवास हितग्राहियों को निर्माण कार्य के लिए रेत की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात कही। साथ ही अवैध रेत परिवहन के मामलों में कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में सांसद श्री महाराज ने स्वास्थ्य एवं जनहित से जुड़े विषयों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को वर्षा ऋतु के दौरान संभावित मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता एवं चिकित्सकीय व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप जनजागरूकता बढ़ाकर लोगों को समय पर चिकित्सालयों में जांच एवं उपचार कराने के लिए प्रेरित करने को कहा।

कृषि क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, परंपरागत कृषि विकास योजना एवं उद्यानिकी गतिविधियों की जानकारी ली। श्री महाराज ने किसानों को सब्जी एवं अन्य लाभकारी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने, क्षेत्र भ्रमण कराने, जैविक खेती को बढ़ावा देने, श्री विधि अपनाने, स्थानीय धान की पारंपरिक किस्मों के संरक्षण, मृदा परीक्षण के आधार पर वैज्ञानिक सलाह उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आत्मा योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, खाद-बीज की उपलब्धता की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने एग्री स्टैक पंजीयन को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह शासन की एक महत्त्वपूर्ण पहल है, उन्होंने प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों से किसानों को अधिक से अधिक जागरूक एवं प्रेरित कर उनका पंजीयन कराने तथा भविष्य में मिलने वाले लाभों से अवगत कराने के निर्देश दिए।

सांसद श्री महाराज ने ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से संचालित कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए युवाओं एवं महिलाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने बताया कि प्रशिक्षण संस्थान में राजमिस्त्री, पशु सखी सहित विविध क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने बताया कि आगामी दिवसों में जिले में पर्यटन की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए पर्यटक गाइड, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के लिए कैटरिंग, हाउसकीपिंग जैसी विशेष कौशल प्रशिक्षण प्रारंभ करने की कार्ययोजना तैयार की गई है।

सांसद श्री महाराज ने पर्यटन को स्थानीय रोजगार एवं स्वरोजगार का प्रभावी माध्यम बताते हुए आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं एवं स्व-सहायता समूहों को पर्यटन आधारित आजीविका से जोड़ने के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान करें, ताकि जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो सकें।

सांसद श्री महाराज ने वर्षा ऋतु को देखते हुए नगरीय एवं पंचायतों में नालियों की साफ-सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं पीएम-जनमन योजना के अंतर्गत निर्मित सड़कों की गुणवत्ता पर उन्होंने कहा कि गुणवत्ताहीन निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल पैच मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवश्यक मरम्मत एवं यातायात सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं से समिति को अवगत कराया जिस पर सांसद ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी भवनों की स्थिति, सुदूर एवं पहुंच विहीन क्षेत्रों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन के भंडारण एवं समयबद्ध वितरण की जानकारी ली। सांसद श्री महाराज ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी के अंतर्गत स्वीकृत आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। वीबी जी राम जी (पूर्व मनरेगा) अंतर्गत स्वीकृत कार्यों, भुगतान एवं लंबित भुगतानों की भी समीक्षा कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण स्वरोजगार अभियान, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री पोषण योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, राष्ट्रीय गोकुल मिशन, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, प्रधानमंत्री जनधन खाता सहित विभिन्न योजनाओं की गहन समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!