रायपुर: छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा डूमरतराई में विकसित अत्याधुनिक नवीन थोक बाजार का लोकार्पण अब 8 जुलाई 2026 को होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस आधुनिक व्यापारिक परिसर का उद्घाटन करने के साथ इसका नामकरण भी करेंगे और इसे प्रदेशवासियों एवं व्यापारियों को समर्पित करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी करेंगे।

तीजन बाई के निधन के कारण टला था कार्यक्रम

यह समारोह पहले 5 जुलाई को प्रस्तावित था, लेकिन पद्म विभूषण पंडवानी गायिका तीजन बाई के निधन पर घोषित राजकीय शोक के चलते इसे स्थगित कर दिया गया था। अब कार्यक्रम 8 जुलाई को आयोजित किया जाएगा।

36 एकड़ में विकसित हुआ आधुनिक व्यापारिक परिसर

राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर करीब 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस थोक बाजार में व्यापारियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। परिसर में चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, बेहतर यातायात व्यवस्था और आवश्यक नागरिक सुविधाओं का विकास किया गया है। माना जा रहा है कि यह बाजार रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के व्यापारिक नेटवर्क को नई मजबूती देगा।

दो चरणों में तैयार हुई परियोजना

डूमरतराई व्यापारिक परिसर का निर्माण चरणबद्ध तरीके से किया गया है।

पहले चरण में लगभग 76 करोड़ रुपये की लागत से 536 व्यावसायिक दुकानें और हॉल बनाए गए हैं।

दूसरे चरण में करीब 145 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत से विभिन्न श्रेणियों की 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया गया है। व्यापारियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सभी आधुनिक सुविधाओं का समावेश किया गया है।

व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

सरकार का मानना है कि यह आधुनिक थोक बाजार प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगा। इससे व्यापार को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। साथ ही रायपुर एक अधिक सुव्यवस्थित और आधुनिक व्यापारिक केंद्र के रूप में स्थापित होगा।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद

लोकार्पण एवं नामकरण समारोह में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, रायपुर महापौर मीनल चौबे, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, व्यापारी और नागरिक शामिल होंगे।

व्यापारिक विकास का नया केंद्र बनेगा डूमरतराई

गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अनुसार, यह परियोजना प्रदेश में आधुनिक शहरी अधोसंरचना के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। डूमरतराई का नवीन थोक बाजार व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगा और आने वाले वर्षों में व्यापार, निवेश, रोजगार सृजन तथा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!