

जशपुर: पुलिस कार्यालय जशपुर में सोमवार को डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, एसडीओपी, थाना-चौकी प्रभारियों और शाखा प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबित अपराध, चालान, मर्ग और शिकायतों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि विवेचना की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। लंबित प्रकरणों का समय पर निपटारा करने वाले थाना प्रभारियों को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वाले विवेचकों पर विभागीय कार्रवाई होगी। अधिकारियों को प्रतिदिन विवेचना कार्यों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में गौ-तस्करी, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब, जुआ, सट्टा तथा अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए। फरार आरोपियों की धरपकड़ में तेजी लाने और साइबर ठगी के मामलों में साइबर सेल के सहयोग से तत्काल कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।
डीआईजी एवं एसएसपी ने थाना-चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में बैरिकेड लगाकर सघन वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। बिना हेलमेट, तीन सवारी, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, मोबाइल पर बात करते हुए और शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करना जशपुर पुलिस की प्राथमिकता है।
बैठक में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने के लिए "पुलिस मितान" के साथ नियमित समन्वय, ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाने और प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।










