

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार को भारत मंडपम में आयोजित सहकारिता मंत्रालय के पांचवें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम के दौरान डिजिटल और कृषि क्षेत्र से जुड़ी अनेक नई पहलें भी शुरू की जाएंगी।
50 हजार पैक्स होंगे ई-पैक्स में परिवर्तित
समारोह की प्रमुख उपलब्धियों में 50 हजार प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) का ई-पैक्स में रूपांतरण शामिल है। इस पहल का उद्देश्य सहकारी संस्थाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़कर उनकी कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।
बीज प्रणाली को मजबूत करने के लिए होगा समझौता
कार्यक्रम में बीज उत्पादन और वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए बीबीएसएसएल और आईसीएआर के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसके साथ ही अमित शाह डेयरी सहकारी समितियों के लिए तैयार आदर्श उप-विधियों तथा सहकारिता मंत्रालय की पांच वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित विशेष पुस्तक का भी विमोचन करेंगे।
गोदामों और नई परियोजनाओं को मिलेगी सौगात
समारोह में 135 अन्न भंडारण गोदामों का हस्तांतरण किया जाएगा। इसके अलावा 85 नए गोदामों का लोकार्पण और 47 गोदामों का शिलान्यास भी होगा। अमूल और एनसीसीएफ की ओर से उत्तर प्रदेश के बाराबंकी तथा महाराष्ट्र के जलगांव में बीबीएसएसएल की टिश्यू कल्चर सुविधाओं का भूमि पूजन भी किया जाएगा।
नई डिजिटल सेवाओं की होगी शुरुआत
इस मौके पर एनसीडी 3.0, जियो-टैग मोबाइल एप्लिकेशन और एनडीडीबी के दूध आपूर्ति समीक्षा डैशबोर्ड पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही डेयरी क्षेत्र और सहकारी संस्थाओं से जुड़ी कई नई योजनाओं का भी उद्घाटन होगा।
सहकारी बैंकों के लिए एआई आधारित प्लेटफॉर्म
कार्यक्रम के दौरान सहकार सीबीएस नामक केंद्रीकृत कोर बैंकिंग प्लेटफॉर्म और 'सहकार सहयोगी' नाम से शहरी सहकारी बैंकों के लिए एआई आधारित संवादात्मक प्लेटफॉर्म का भी अनावरण किया जाएगा। इसके अलावा डेयरी उत्पादकों और सहकारी संस्थाओं से जुड़ी नई मल्टी स्टेट समितियों की शुरुआत भी होगी।
ये प्रमुख नेता रहेंगे मौजूद
स्थापना दिवस समारोह में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल समेत कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल होंगे।











