जगदलपुर: बस्तर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल तीरथगढ़ जलप्रपात में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जलप्रपात घूमने पहुंचे रायपुर के चार युवकों की कार अनियंत्रित होकर सुरक्षा रेलिंग से टकरा गई और जलप्रपात के ऊपरी हिस्से के किनारे जाकर फंस गई। हादसे में कार सवार चारों युवक घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल दरभा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों और 108 एंबुलेंस की टीम के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। कार में फंसे चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए दरभा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी घायल रायपुर के निवासी हैं और मानसून के दौरान तीरथगढ़ जलप्रपात का भ्रमण करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि कार जलप्रपात में गिरने से पहले ही किनारे पर फंस गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!