

बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने बलरामपुर से रामानुजगंज तक निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मार्ग के विभिन्न स्थानों पर रुककर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा भूमि अधिग्रहण से संबंधित लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए आपसी समन्वय स्थापित कर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित हितग्राहियों को मुआवजा राशि का भुगतान समय पर सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यदि भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रशासनिक समस्या आती है तो उसका राज्य स्तर पर समन्वय स्थापित कर प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करें।
आम नागरिकों की सुविधा एवं पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने निर्माणाधीन सड़क पर उड़ने वाली धूल की रोकथाम के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण स्वीकृत एलाइनमेंट के अनुरूप ही किया जाए। कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कार्य में तेजी लाने के लिए आवश्यकतानुसार मैनपावर बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि जिन स्थानों पर बीटी वर्क पूर्ण हो चुका है, वहां बिना विलंब डामरीकरण का कार्य शुरू करें। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए निर्माणाधीन मार्ग पर गड्ढों को तत्काल भरने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अभिषेक गुप्ता, अनुविभागीय अधिकारी एनएच श्म्म निखिल लकड़ा, क्षेत्र के निर्वाचित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारीगण मौजूद थे।











