

बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने रामानुजगंज स्थित अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चेक पोस्ट पर संधारित जांच पंजी का अवलोकन किया तथा प्रतिदिन की जा रही जांच प्रक्रिया की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने चेक पोस्ट पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति तथा उनके कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने खनिज एवं कृषि उपज मंडी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि चेक पोस्ट से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन की सघन एवं बारीकी से जांच सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी प्रकार के अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्ठा के साथ करें। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि शासकीय कार्यों एवं जांच प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने जांच व्यवस्था को और अधिक बेहतर करने के निर्देश भी दिए।










