

बलरामपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते पत्नी के साथ मारपीट, गाली-गलौज और आगजनी का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने किराये के मकान में रखे घरेलू सामान को आग के हवाले कर करीब एक लाख रुपये का नुकसान पहुंचा दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि भनौरा निवासी प्रभा एक्का ने अपने घर में आगजनी की शिकायत थाना कोतवाली बलरामपुर में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर 29 जून 2026 को आगजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान सामने आया कि प्रभा एक्का के पति जय जान केरकेट्टा (38 वर्ष)ने घरेलू विवाद के दौरान पत्नी के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और किराये के मकान में रखे घरेलू सामान में माचिस से आग लगा दी।
आग लगने से पलंग, गद्दा, दीवान, आलमारी, फ्रिज, कूलर सहित कपड़े जलकर नष्ट हो गए। इस घटना में लगभग एक लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ।जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 326(जी), 296 एवं 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया। इसके बाद 3 जुलाई 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।











