

मुंगेली: कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त हुई सीसी सड़कों की मरम्मत को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने व्यापक अभियान शुरू किया है। कार्यपालन अभियंता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खंड मुंगेली द्वारा संबंधित निर्माण एजेंसियों को निर्देश जारी कर 86 ग्रामों में लंबित सीसी रोड मरम्मत कार्य सात दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। जारी निर्देशों में स्पष्ट कहा गया है कि
पाइपलाइन बिछाने के पश्चात सड़क का पुनर्स्थापन अनुबंध की अनिवार्य शर्त है।
कई स्थानों पर समय पर मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। इसे गंभीरता से लेते हुए सभी एजेंसियों को तत्काल कार्य प्रारंभ करने और निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ सड़क मरम्मत पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण नहीं करने वाली एजेंसियों के विरुद्ध अनुबंध की शर्तों के अनुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आवश्यक होने पर सड़क निर्माण पर होने वाले व्यय की वसूली संबंधित एजेंसी की देय राशि से की जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत अधोसंरचना मजबूत होगी और आमजन को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
क्रमांक//07-19











