छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला हत्या का मामला सामने आया है। कुरूद क्षेत्र के एक गांव में 23 वर्षीय युवक की मौत की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने उसकी मां और छोटे भाई को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने मिलकर युवक की हत्या की और बाद में इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।

पहले गला दबाया, फिर साक्ष्य छिपाने की कोशिश

यह मामला कुरूद थाना क्षेत्र की बिरेझर चौकी अंतर्गत गोजी गांव का है। मृतक की पहचान 23 वर्षीय नरसिंग साहू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मां कमला बाई साहू और छोटे भाई नरेश साहू ने कथित रूप से पहले नारियल की रस्सी से उसका गला दबाया। इसके बाद उसे कीटनाशक पिलाया और घटना को आत्महत्या दिखाने के उद्देश्य से शव को फंदे पर लटका दिया।

शराब की लत बनी विवाद की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नरसिंग साहू को शराब पीने की आदत थी। बताया जा रहा है कि वह अक्सर शराब के लिए घरवालों से पैसे मांगता था और पैसे नहीं मिलने पर विवाद करता था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर घर में झगड़ा हुआ था, जिसके बाद यह वारदात हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज

शुरुआत में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही थी। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद जांच की दिशा बदल गई। इसके बाद पुलिस ने मृतक की मां और छोटे भाई से सख्ती से पूछताछ की।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस के मुताबिक शुरुआती पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जांच को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!