धमतरी जिले में आत्महत्या की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। तीन दिन पहले एक ही दिन तीन युवकों के आत्महत्या करने की घटना के बाद अब दो और लोगों ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन कर अपनी जान दे दी। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने जिले में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।

खर्तूली गांव में किसान ने दी जान

पहला मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम खर्तूली का है। पुलिस के मुताबिक दानीराम साहू ने अपने घर में कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि दानीराम खेती-किसानी का काम करते थे।

सिंधौरी खुर्द में युवक की मौत

दूसरी घटना कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम सिंधौरी खुर्द में हुई। यहां पूनेंद्र यादव ने भी कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

आत्महत्या के कारणों की जांच जारी

पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। दोनों प्रकरणों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

तीन दिन पहले भी सामने आए थे तीन मामले

गौरतलब है कि 30 जून को धमतरी जिले में अलग-अलग स्थानों पर तीन युवकों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इनमें मकेश्वर वार्ड निवासी संजू साहू, अछोटा गांव के गोपाल यादव और संबलपुर ओवरब्रिज के पास मकई वार्ड निवासी अरविंद चतुर्वेदी शामिल थे। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद पुलिस सभी मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!