

बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, जनशिकायतों एवं समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए इस दौरान उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रत्येक पात्र हितग्राही को लाभान्वित करें। उन्होंने अधिकारियों को नियमित फील्ड मॉनिटरिंग बढ़ाने, जमीनी स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने सीएम हेल्पलाइन एवं समय-सीमा के प्रकरण, सीएम जनदर्शन, पीजी पोर्टल एवं जनशिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि लंबित प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निराकरण में गंभीरता बरतें शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं की जाएगी। उनहोंने सुशासन तिहार के लंबित आवेदनों को सर्वाेच्च प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश भी दिए।
सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के प्रभावी क्रियान्वय के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने शत-प्रतिशत सैचुरेशन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि 10 जुलाई से 31 जुलाई तक बेसलाइन सर्वे के माध्यम से 31 जनकल्याणकारी योजनाओं की गैप फिलिंग की जाएगी। उन्होंने जिला एवं विकासखंड स्तरीय समितियों को प्रशिक्षण देकर निर्धारित समय-सीमा में सर्वे पूर्ण करने तथा प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं समिति निर्धारित समय-सीमा का पालन करते हुए समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें ताकि शासन की सुघ्घर छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को धरातल पर सफलतापूर्वक साकार किया जा सके।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने सभी जनपद सीईओ एवं सीएमओ को नियमित फील्ड विजिट कर आवास निर्माण में तेजी लाने तथा लंबित आवासों को मिशन मोड में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवासों की जियो टैगिंग कर शीघ्र पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने पीएम जनमन आवास तथा स्पेशल प्रोजेक्ट आवास की समीक्षा कर अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने पीएम स्वनिधि योजना की जानकारी लेते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का तत्काल निराकरण करते हुए पात्र हितग्राहियों को ऋण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंकों के साथ नियमित समन्वय स्थापित कर निर्धारित लक्ष्य समय-सीमा के भीतर पूर्ण करें।
बैठक में खाद-बीज की उपलब्धता, भंडारण एवं वितरण की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने समितिवार स्थिति की जानकारी लेते हुए डबल लॉक में भण्डारित खाद का अधिक से अधिक आरओ एवं डीडी जमा कर खाद का उठाव करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र किसानों को लाभान्वित करने को कहा। संभावित अल-नीनो की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने सभी विभागीय अधिकारियों को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए ताकि संभावित प्रतिकूल परिस्थितियों के प्रभाव को न्यूनतम किया जा सके।
बैठक में आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी संकेतकों में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने एएनसी पंजीयन एवं एनआरसी के प्रभावी संचालन के निर्देश देते हुए महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य कर निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, प्रमोद गुप्ता, आर.एन. पाण्डेय, सर्व अनुविभागीय अधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।











