उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक दर्दनाक रेल हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। मक्सी रोड स्थित उद्योगपुरी क्षेत्र में रेलवे पुल के नीचे एक व्यक्ति की सुपरफास्ट ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

रोज की तरह सुबह सैर पर निकले थे राजकुमार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अलकापुरी निवासी 46 वर्षीय राजकुमार चौहान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रोज की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। राजकुमार मध्य प्रदेश विद्युत मंडल से जुड़े ठेका कार्य करते थे। इसी दौरान वह रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आ गए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास की जांच शुरू की। मृतक के पास मिले दस्तावेजों और अन्य जानकारी के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। खबर मिलते ही परिवार के सदस्य घटनास्थल पहुंचे, जहां का दृश्य देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

हादसा था या आत्महत्या, हर पहलू की होगी जांच

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला दुर्घटना का है या आत्महत्या का। सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!