भोपाल। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के क्रिकेटर शशांक सिंह और उनके पिता शैलेष सिंह के खिलाफ भोपाल में गंभीर आरोपों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। शिकायत में मारपीट, गाली-गलौज और बंधक बनाकर रखने जैसे आरोप लगाए गए हैं। मामले में परिवार के ड्राइवर को भी आरोपी बनाया गया है।

रसोइये ने दर्ज कराई शिकायत

यह मामला भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र स्थित मेंडोरी का है। शिकायतकर्ता 31 वर्षीय विपेंद्र सिंह तोमर, जो रीवा के रहने वाले हैं, ने पुलिस को बताया कि उन्हें एक परिचित के माध्यम से शशांक सिंह के घर रसोइये के रूप में काम पर रखा गया था। उन्हें 15 हजार रुपये मासिक वेतन के साथ रहने और भोजन की सुविधा देने तथा भविष्य में सरकारी नौकरी दिलाने का आश्वासन भी दिया गया था।

खाने की गुणवत्ता को लेकर बनाया जाता था दबाव

शिकायत के अनुसार नौकरी शुरू होने के बाद भोजन के स्वाद और गुणवत्ता को लेकर लगातार मानसिक दबाव बनाया गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जाता था और बार-बार अपमानित किया जाता था।

नौकरी छोड़ने की बात पर बढ़ा विवाद

रसोइये का आरोप है कि जब उसने नौकरी छोड़कर रीवा लौटने की इच्छा जताई, तब उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके। शिकायत में कहा गया है कि उस पर जबरन काम जारी रखने का दबाव बनाया गया।

मारपीट का भी आरोप, मेडिकल में मिले चोट के निशान

पीड़ित ने दावा किया कि तनाव बढ़ने पर उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद आरोप है कि शशांक सिंह, उनके पिता और ड्राइवर ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। पुलिस द्वारा कराए गए मेडिकल परीक्षण में चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है।

बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने शिकायत के आधार पर **भारतीय न्याय संहिता> (बीएनएस) की धारा 296(बी), 115(2) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस सभी पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!