


बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के द्वितीय दिवस स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घर-घर पहुंचकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। डोर-टू-डोर विजिट एवं सत्यापन के माध्यम से जिले में 99 प्रतिशत कवरेज दर्ज किया गया।
जिले में 5 वर्ष तक के कुल 1,10,954 बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। द्वितीय दिवस तक 1,09,497 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा चुकी है, जो लगभग 99 प्रतिशत कवरेज है। शेष बच्चों को अभियान के अंतिम दिवस घर-घर पहुंचकर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जाएगा।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने अभियान की सतत निगरानी करते हुए सभी मैदानी अमले को पूरी सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विजय सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आशा, मितानिन एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की टीमों ने गांवों, दूरस्थ बस्तियों एवं शहरी क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर बच्चों का सत्यापन किया तथा बूथ दिवस पर छूटे बच्चों को मौके पर ही पोलियो की दो बूंद पिलाई।जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि यदि किसी कारणवश उनके पांच वर्ष तक के बच्चे को अभी तक पोलियो की खुराक नहीं मिल पाई है, तो अंतिम दिवस 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमों को सहयोग कर उन्हें पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं, ताकि जिले में शत-प्रतिशत पल्स पोलियो कवरेज सुनिश्चित किया जा सके।





















