पुणे;  चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में लगातार नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। अब इस हाई-प्रोफाइल मामले में राजस्थान के उदयपुर का कनेक्शन सामने आया है। पुणे पुलिस की जांच में पता चला है कि मुख्य आरोपी सिया गोयल अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ पहले ही उदयपुर पहुंची थी और उस आलीशान रिसॉर्ट का निरीक्षण किया था, जहां बाद में केतन अग्रवाल के साथ उसकी डेस्टिनेशन वेडिंग प्रस्तावित थी। पुलिस को आशंका है कि इसी यात्रा के दौरान दोनों ने हत्या की साजिश की रूपरेखा तैयार की थी।

जांच में सामने आया है कि सिया गोयल जनवरी महीने में चेतन चौधरी और अपने कुछ दोस्तों के साथ पांच दिन के लिए उदयपुर और जोधपुर घूमने गई थी। इसी दौरान उसने अरावली की वादियों में स्थित एक लग्जरी रिसॉर्ट पसंद किया और बाद में अपने मंगेतर केतन अग्रवाल से वहीं शादी करने की इच्छा जताई। पुलिस अब दोनों आरोपियों की मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल, डिजिटल साक्ष्य और यात्रा से जुड़े रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हत्या की योजना कब और कैसे बनाई गई।

रविवार को पुणे पुलिस दोनों आरोपियों सिया गोयल और चेतन चौधरी को लोनावला स्थित लोहगढ़ किले पर लेकर पहुंची, जहां पूरी वारदात का क्राइम सीन दोबारा रिक्रिएट किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सिया ने पूछताछ के दौरान पूरी साजिश का खुलासा किया। योजना के मुताबिक वह जूते के फीते बांधने का बहाना कर नीचे झुकी, जबकि पीछे से आए चेतन ने अचानक केतन को जोरदार धक्का दे दिया। संतुलन बिगड़ने से केतन करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

डीएसपी गजानन टोम्पे ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में फाइबर से बनी डमी की मदद से पूरी घटना को दोहराया गया। इस दौरान पुलिस ने पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई, जिसे जांच में अहम साक्ष्य के रूप में शामिल किया जाएगा। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने घटना से पहले इंटरनेट पर हत्या के तरीके और उससे जुड़े कई विषयों पर गूगल सर्च किया था।

जांच के दौरान पुलिस ने चेतन चौधरी की मोटरसाइकिल, घटना के समय पहनी गई हुडी और हेडफोन भी जब्त किए हैं। इन सभी सामानों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। इसके अलावा सिया गोयल के माता-पिता से भी लंबी पूछताछ की जा चुकी है।

गौरतलब है कि 18 जून को लोहगढ़ किले से गिरने के बाद केतन अग्रवाल की मौत हुई थी। शुरुआती तौर पर इसे हादसा माना गया था, लेकिन बाद की जांच में हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस का कहना है कि सिया परिवार के दबाव में केतन से शादी करने के लिए तैयार हुई थी, जबकि वह अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ रहना चाहती थी। इसी वजह से दोनों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई।

फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है। वहीं महाराष्ट्र सरकार ने इस संवेदनशील मामले की सुनवाई के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने की मंजूरी दे दी है। सरकार ने वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम को विशेष सरकारी वकील नियुक्त किया है ताकि मामले की सुनवाई तेजी से पूरी हो सके और पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!