दुर्ग :  अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गनियारी स्थित एक जुआ अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुरानी भिलाई थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर आठ लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान करीब 5.20 लाख रुपये मूल्य की नगदी और अन्य सामान जब्त किया गया।

बड़कू दाऊ की बाड़ी में चल रहा था जुआ का खेल

पुलिस को 27 जून की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि भिलाई-3 के गनियारी गांव स्थित बड़कू दाऊ की बाड़ी के एक मकान में बड़े पैमाने पर पैसों का दांव लगाकर जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की और दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया।

नकदी, मोबाइल और बाइक बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 1 लाख 82 हजार 670 रुपये नकद, आठ मोबाइल फोन और तीन मोटरसाइकिल जब्त कीं। पुलिस के अनुसार, जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत करीब 5 लाख 20 हजार 170 रुपये आंकी गई है।

आठ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 5 के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले में अपराध क्रमांक 327/2026 के तहत जांच जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।

ये लोग हुए गिरफ्तार

कार्रवाई में तुंगत चंद्राकर, केवल चंद्राकर, शिवम वर्मा, प्रवीण देवांगन, ताकेश्वर साहू, चिराग चंद्राकर, प्रकाश चंद्राकर और कुल्लू साहू को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी दुर्ग और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

अवैध गतिविधियों पर जारी रहेगा अभियान

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। भविष्य में भी ऐसी शिकायतें मिलने पर तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने जताई राहत

क्षेत्र के लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस स्थान पर जुआ खेलने की गतिविधियां संचालित हो रही थीं, जिससे आसपास का माहौल प्रभावित हो रहा था। पुलिस की कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत जताई है और ऐसे अभियान लगातार जारी रखने की मांग की है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!