बिहार: बिहार की राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां दीदारगंज थाना क्षेत्र स्थित महुली रोड पर रविवार की देर रात तड़के एक बड़े तेल, रिफाइन और डालडा गोदाम में भीषण आग लग गई जिस कारण से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, गोदाम में डालडा, रिफाइंड और सरसों तेल का भारी मात्रा में भंडारण किया गया था। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते इसने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की घटना रात करीब 1 बजे हुई है।

फायर ब्रिगेड की दो दर्जन गाड़ियां मौके पर

आग लगने की सूचना मिलते ही दीदारगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। आग पर काबू पाने के लिए दो दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लगातार मशक्कत कर रही हैं। घटना के करीब 6 घंटे बाद भी आग पूरी तरह से नियंत्रित नहीं हो सकी थी। दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

कैसे लगी आग?

बताया जा रहा है कि इस गोदाम से पूरे बिहार में डालडा, रिफाइंड और सरसों तेल की सप्लाई की जाती थी। आग की वजह से गोदाम में रखा लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद गोदाम से तेल सड़क पर बहने लगा, जिससे आसपास फिसलन शुरू हो गई। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

प्रशासन कर रहा मामले की जांच

इस भीषण आग से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। एहतियात के तौर पर स्थानीय प्रशासन ने लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें लगातार मौके पर मौजूद हैं और आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी हैं। आग लगने से हुए नुकसान का आकलन और घटना के कारणों की जांच प्रशासन द्वारा की जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!