

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बलंगी चौकी पुलिस ने लाखों रुपये के जुए के चर्चित मामले में एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार 18 मई 2026 को पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि बलंगी क्षेत्र के ग्राम कर्री के जंगल में दूसरे राज्यों तथा रघुनाथनगर क्षेत्र के कई लोग लाखों रुपये का दांव लगाकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर बलरामपुर मुख्यालय एवं बलंगी चौकी की संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी थी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अपराध क्रमांक 56/2026 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112(2) के तहत आशीष पांडे निवासी कसारी तथा गुलाबचंद जायसवाल निवासी रमेशपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जबकि योगेंद्र जायसवाल सहित अन्य आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए थे।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी रही। इसी क्रम में गुरुवार को आरोपी योगेंद्र जायसवाल पिता रामगुलाम निवासी रघुनाथनगर को गिरफ्तार कर विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायालय वाड्रफनगर में पेश किया गया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने पर उसे रामानुजगंज जेल भेजा गया। पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।





















