खैरागढ़: कलेक्टर  इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल के निर्देशन एवं उप संचालक कृषि  राजकुमार सोलंकी के मार्गदर्शन में खरीफ मौसम 2026 के मद्देनजर उर्वरक, बीज एवं कीटनाशी निरीक्षकों की संयुक्त टीम द्वारा जिले में खाद, बीज विक्रय केंद्रों तथा संभावित अवैध भंडारण स्थलों का लगातार औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में कृषि विभाग ने अवैध खाद भंडारण के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 313 बोरी उर्वरक जब्त किए हैं।

विकासखंड छुईखदान के ग्राम अचानकपुर (पैलीमेटा) में व्यवसायी अनिल साहू के गोदाम का निरीक्षण करने पर बिना वैध दस्तावेजों के 94 बोरी उर्वरक का भंडारण पाया गया। प्रारंभिक जांच में यह भंडारण उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के प्रावधानों के विपरीत पाया गया। विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संपूर्ण स्टॉक जब्त कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया।

इसी प्रकार विकासखंड खैरागढ़ के ग्राम गाडाघाट स्थित साहू किराना स्टोर में बिना अनुज्ञप्ति के यूरिया विक्रय किए जाने की सूचना पर संबंधित प्रोपराइटर नानक दास साहू के गर्रापार स्थित गोदाम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गोदाम में बिना वैध दस्तावेजों के 58 बोरी डीएपी तथा 72 बोरी यूरिया सहित कुल 219 बोरी उर्वरक का अवैध भंडारण पाया गया। मौके पर व्यवसायी द्वारा बिल एवं उर्वरक खरीदी संबंधी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। इसके बाद गोदाम में उपलब्ध समस्त उर्वरकों को जब्त कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद, बीज एवं कीटनाशक खरीदें तथा खरीदारी का पक्का बिल अवश्य प्राप्त करें। विभाग ने कहा है कि कालाबाजारी, मुनाफाखोरी, अवैध भंडारण अथवा नकली खाद से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल अधिकारियों को दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर किसानों के हितों की रक्षा की जा सके।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!