

बलरामपुर/राजपुर। वन परिक्षेत्र राजपुर अंतर्गत वन प्रबंधन समिति धंधापुर (डुमरपारा) की ओर से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और आय मूलक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को ग्राम खुखरी में सिलाई मशीन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में वन मंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन में वन प्रबंधन समिति धंधापुर (डुमरपारा) से जुड़े पांच महिला स्व-सहायता समूह की सदस्यों उषा रवि, सुनीता रवि,निशा मरावी, सुखमनिया एवं आरती, सभी निवासी शिवपुर को सिलाई मशीनों का वितरण किया गया।

सिलाई मशीनों का वितरण क्षेत्र की विधायक उद्धेश्वरी पैकरा के करकमलों से किया गया। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं को स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में वन परिक्षेत्राधिकारी राजपुर, परिक्षेत्र सहायक चांची, चांची सर्किल के समस्त वन कर्मचारी, ग्राम पंचायत खुखरी के सरपंच, बीडीसी सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
वन परिक्षेत्राधिकारी राजपुर अजय कुमार वर्मा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य महिला स्व-सहायता समूहों को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को प्रोत्साहित करना है, जिससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।





















