

बलरामपुर। जिले के विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जनजातीय क्षेत्रों में पहुंच स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा रही है। इसी कड़ी में सबाग के ग्राम अखइनकोना में पहाड़ी कोरवा परिवारों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार एवं आवश्यक परामर्श दिया गया।
शिविर के दौरान चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा 53 मरीजों की जांच कर 35 मरीजों को आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। साथ ही शिशुवती माताओं, बच्चों के स्वास्थ्य की विशेष जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह दी गई।
स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छता, पोषण तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया। शिविर में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में जिले के दूरस्थ एवं विशेष रूप से पिछड़ी जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है। जिसके माध्यम से जरूरतमंद ग्रामीणों एवं पहाड़ी कोरवा परिवारों को उनके निवास क्षेत्र के समीप ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है।




















