अंबिकापुर: सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र में छड़ काटने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोपी ने गुस्से में लकड़ी के हरीशा से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नवगई निवासी गुलशन दास ने थाना दरिमा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका छोटा भाई मौसम दास पिछले तीन-चार वर्षों से अपनी शादी के बाद ससुराल ग्राम पम्पापुर खुटन पारा में घर जमाई के रूप में रह रहा था।बताया गया कि 20 जून को सुबह करीब 11:30 बजे मौसम दास के पड़ोसी लिलाम सिंह ने घर के पास छड़ काटने की बात को लेकर नाराजगी जताई। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपी ने लकड़ी के हरीशा से मौसम दास के सिर के पीछे वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही बेहोश हो गया।घायल को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल अंबिकापुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मृतक का भाई अस्पताल पहुंचा और मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना दरिमा में अपराध क्रमांक 146/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा  के निर्देश पर थाना दरिमा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी लिलाम सिंह (31 वर्ष), निवासी ग्राम पम्पापुर खुटन पारा, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का हरीशा भी बरामद कर लिया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पूरे मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश खलखो, उप निरीक्षक सत्येंद्र सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!