

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने विभिन्न आसनों का अभ्यास कर प्रतिदिन योग करने का दिया संदेश,नियमित योग करने का दिलाया संकल्प
बलरामपुर: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल बलरामपुर के खेल मैदान में जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले की प्रभारी मंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सहभागिता करते हुए विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम में रेडक्रोस सोसायटी के अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, जनपद अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा, उपाध्यक्ष बबली देवी, नगर पालिका अध्यक्ष लोधीराम एक्का, उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, एसपी वैभव बैंकर, डीएफओ आलोक वाजपेयी, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उपस्थित होकर सामूहिक योगाभ्यास किया।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ आयु के लिए योग रहा। जिले के योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रार्थना, ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, भद्रासन, वज्रासन, योग निद्रासन, मकरासन सहित विभिन्न योगासनों के साथ भ्रामरी प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता करते हुए योग के महत्व को समझा और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिले की प्रभारी मंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है। आज विश्व के अनेक देशों में योग को स्वास्थ्य, संतुलन और मानव कल्याण के प्रभावी माध्यम के रूप में अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का विज्ञान है। योग और अध्यात्म एक-दूसरे के पूरक हैं तथा यह व्यक्ति को स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवन की दिशा प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ भरी जीवनशैली में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखना बड़ी चुनौती बन गया है। योग ऐसी प्राचीन भारतीय साधना है, जो तन, मन और आत्मा को संतुलित कर निरोग जीवन का मार्ग प्रशस्त करती है। योग व्यक्ति में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और नई ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने उपस्थित लोगों को नियमित रूप से योग करने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प दिलाया।जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ ही जिले के विभिन्न विकासखंडों, नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों, वृद्धा आश्रमों, सहित ऐतिहासिक धरोहरों में भी सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिनमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नियमित योग करने का संकल्प लिया।
इस दौरान उन्होंने स्काउट-गाइड, रोवर एवं रेंजर के विद्यार्थियों से चर्चा कर उनके अनुभव जाने तथा अनुशासन, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर संवाद किया।कार्यक्रम के पश्चात प्रभारी मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत हाई स्कूल मैदान परिसर में मौलश्री का पौधा रोपित किया। साथ ही अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित बलरामपुर का संदेश दिया।
कलेक्टर ने दिलाया नशामुक्त भारत के निर्माण का सकल्प
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में योग तथा नशामुक्त जीवनशैली की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने युवाओं से योग को अपनाने तथा नशे से दूर रहकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनने की अपील की।





















