नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर से एक नवविवाहिता के कथित दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्मांतरण का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद घटना ने व्यापक चर्चा का विषय बन गई है।

व्यावसायिक परिचय से शुरू हुआ संपर्क

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 24 वर्षीय विवाहित महिला प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करती है। उसके पति भारतीय वायुसेना में कार्यरत हैं और नौकरी के कारण अक्सर शहर से बाहर रहते हैं।

पीड़िता का आरोप है कि कामकाज के दौरान उसकी पहचान अय्याज नामक व्यक्ति से हुई। बाद में आरोपी ने उसे एक होटल में बुलाया, जहां कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिलाकर पेय पदार्थ पिलाया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। महिला का दावा है कि आरोपी ने इस दौरान वीडियो और तस्वीरें भी बना लीं।

ब्लैकमेल कर वसूले लाखों रुपये

महिला का आरोप है कि वीडियो और तस्वीरों के आधार पर उसे लगातार ब्लैकमेल किया गया। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने कई बार जबरन संबंध बनाए और डराकर उससे तीन लाख रुपये से अधिक की रकम भी वसूल की।

धर्मांतरण कराने का भी आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि बाद में उसे धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया। उसके अनुसार, विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान कराए गए और कलमा पढ़वाया गया। महिला का दावा है कि 31 मई को उसे नागपुर के कलमेश्वर क्षेत्र ले जाया गया, जहां बताया गया कि उसका धर्मांतरण करा दिया गया है।

पति को बताई पूरी घटना

महिला के पति जब ड्यूटी से वापस लौटे तो उसने पूरी घटना की जानकारी उन्हें दी। इसके बाद दोनों ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

कई धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने शिकायत के आधार पर दुष्कर्म, जबरन वसूली, धर्मांतरण के प्रयास तथा काला जादू प्रतिषेध कानून सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि तीसरा आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो, डिजिटल साक्ष्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े तथ्यों की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!