

बलरामपुर: विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने एवं जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 100 बिस्तर अस्पताल, रामानुजगंज में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। आयोजित इस शिविर में स्थानीय युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर के दौरान कुल 19 रक्तदाताओं ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। रक्तदाताओं में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी दिखाई। सभी रक्तदाताओं ने जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा के लिए रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। उन्होंने लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। रक्तदान शिविर में अपना अमूल्य योगदान देने वाले सभी रक्तदाताओं को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
शिविर के सफल आयोजन में 100 बिस्तर अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, लैब तकनीशियनों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा रक्तदाता समूह के अध्यक्ष एवं सदस्यों के सामूहिक प्रयासों से शिविर का सफलतापूर्वक संचालन किया गया।



















