बलरामपुर: बलरामपुर जिले के थाना पास्ता पुलिस ने नशीले इंजेक्शनों की अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 100 नग नशीले इंजेक्शन, एक मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 13 जून 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की बैंगनी-सफेद रंग की यामाहा मोटरसाइकिल में शंकरगढ़ की ओर से परता की तरफ नशीले मादक इंजेक्शन लेकर आ रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पास्ता ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और पुलिस टीम के साथ ग्राम बासेन, कोदोडीपा और कोलावाड़ी क्षेत्र में घेराबंदी की।कुछ समय बाद मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया, जिसे रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम अतिकुर रहमान (54 वर्ष), पिता जसिमुद्दीन, निवासी ग्राम बासेन, थाना पास्ता, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज बताया।तलाशी के दौरान आरोपी की मोटरसाइकिल की डिक्की से चार सीलबंद पैकेट बरामद हुए। इनमें Pheniramine Maleate Injection I.P. (Avil Injection)की 50 शीशियां तथा Buprenorphine Injection I.P. (Rexogesic) की 50 शीशियां मिलीं। बरामद दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 1,107 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नशीले इंजेक्शनों के अलावा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की यामाहा मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जांच में आरोपी का कृत्य एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 (सी)के तहत अपराध पाए जाने पर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!